गाजियाबाद जनपद के मुरादनगर में नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य को लेकर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में खुलेआम मानकों की अनदेखी की जा रही है और सीवर लाइन में टूटे हुए व घटिया गुणवत्ता के पाइप डाले जा रहे हैं। इससे भविष्य में सीवर व्यवस्था ध्वस्त होने और जनता के पैसे की बर्बादी का खतरा बढ़ गया है।लोगों का कहना है कि जिस गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के आधार पर ठेका जारी किया गया था, मौजूदा कार्य उन मानकों पर बिल्कुल खरा नहीं उतर रहा। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद मुरादनगर के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। क्षेत्रीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि शिकायतों के बाद भी अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार का नाम पहले जिला मेरठ की दौराला नगर पालिका परिषद से जुड़े कथित घोटालों में भी सामने आ चुका है। ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिस अधिकारी पर पहले से अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हों, क्या वह क्षेत्र का विकास पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कर सकता है नागरिकों ने पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, घटिया सामग्री के उपयोग पर रोक लगाने और दोषी ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके।
