संवाददाता यूसुफ खान
मुरादनगर। नगर पालिका परिषद और संबंधित ठेकेदार की कथित लापरवाही के चलते वार्ड नंबर 23 स्थित नया नूरगंज ईदगाह चौड़े खड़ंजे के आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण का कार्य पिछले करीब दो महीने से रुक-रुककर किया जा रहा है, लेकिन अब तक आधी नाली भी पूरी नहीं हो सकी है। वहीं पिछले करीब 15 दिनों से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है निर्माण कार्य के नाम पर रास्ते पर पीली मिट्टी डाल दी गई है, जिससे मार्ग पर फिसलन की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर फिसलकर गिर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि मिट्टी डालने के बाद उस पर रोड़ी बिछा दी जाती तो रास्ते की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। वर्तमान में रास्ते पर गंदगी, कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है कॉलोनीवासियों का कहना है कि नाली निर्माण अधूरा होने के कारण गंदा पानी और गंदगी जमा हो रही है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने नगर पालिका परिषद और संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा भी समस्या की ओर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि यदि संबंधित ठेकेदार निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने में सक्षम नहीं है तो उसका टेंडर निरस्त कर किसी सक्षम ठेकेदार को काम सौंपा जाए, ताकि लोगों को नारकीय हालात से राहत मिल सके।
