संवाददाता यूसुफ राजपूत
मुरादनगर नगर के विभिन्न मोहल्लों में बंदरों एवं आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदर और आवारा कुत्ते राह चलते लोगों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। लगातार बढ़ रही घटनाओं के बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है जानकारी के अनुसार, 12 जून 2026 को मोहल्ला महाजनान में बंदरों के झुंड ने 12 वर्षीय बालिका रिया पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके अगले दिन 13 जून 2026 को राजकुमार हार्डवेयर के मकान के बाहर उनकी भतीजी पर बंदरों ने हमला कर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं 14 जून 2026 को कन्या पाठशाला के पास सोनल शर्मा, पुत्री पं. विनोद कुमार मिश्रा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय परशुराम सेवा दल) की पुत्री को बंदरों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। नगर के मोहल्ला महाजनान, ब्रह्मनान, डॉक्टर नानक चंद वाली गली, राधा-कृष्ण बड़ा मंदिर क्षेत्र, मोहल्ला लोहारण, काली गली, पीपल वाली गली, सराय के पीछे वाली रोड, गौरी शंकर मंदिर रोड, सरना वाली गली, कृष्णा कॉलोनी, गांधी कॉलोनी, सरना तथा टंकी रोड सहित अनेक क्षेत्रों में बंदरों एवं आवारा कुत्तों का भारी आतंक फैला हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतिदिन किसी न किसी व्यक्ति पर हमला हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। अखिल भारतीय परशुराम सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. विनोद कुमार मिश्रा, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के महामंत्री पं. यतिदेव शर्मा, पं. नरेंद्र शर्मा (पूर्व सभासद), महेश गर्ग, संदीप कंसल, गोपाल गुप्ता (बूरा वाले), पं. प्रमोद कौशिक, पं. विजेंद्र कौशिक, राजू सक्सेना एवं पं. दिनेश शर्मा आढ़ती सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने बताया कि वे कई बार नगर पालिका परिषद मुरादनगर एवं एसडीएम मोदीनगर को लिखित एवं मौखिक रूप से इस गंभीर समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है क्षेत्रवासियों का कहना है कि बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि मोहल्ला महाजनान एवं ब्रह्मनान के अनेक परिवारों ने अपने घरों की छज्जियों, खिड़कियों और दरवाजों पर लोहे की जालियां लगवा ली हैं। जरा सी असावधानी होने पर बंदर घरों में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाते हैं। बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों में भय का माहौल है और कई बच्चे अब घरों से बाहर निकलने में भी डरने लगे हैं। कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका परिषद मुरादनगर एवं एसडीएम मोदीनगर से मांग की है कि बंदरों एवं आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़वाने की व्यवस्था की जाए तथा नगरवासियों को इस आतंक से राहत दिलाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी मजबूर होकर नगर पालिका परिषद के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
