छज्जे के विवाद ने लिया खूनी मोड़

संवाददाता यूसुफ खान
मुरादनगर क्षेत्र की भारत नगर कॉलोनी, रावली रोड में घर के छज्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी नसीम ने अपने मकान का छज्जा गली की निर्धारित सीमा से अधिक बाहर निकालकर बना लिया था। आरोप है कि कॉलोनी के कई लोगों ने इसका विरोध करते हुए सार्वजनिक रास्ते में बाधा बनने की बात कही और छज्जा हटाने का अनुरोध किया। क्षेत्रवासियों के समझाने पर नसीम छज्जा हटाने के लिए तैयार भी हो गया और उसे तोड़ने वाले व्यक्ति को बुलाया गया। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर नसीम और उसके पड़ोसी सरताज के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट में असमत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल पक्ष ने थाना मुरादनगर में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने