संवाददाता यूसुफ खान
मुरादनगर। नगर की गांधी कॉलोनी स्थित जिला सहकारी बैंक वाली गली में नीचे लटके बिजली के तार स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। इस संबंध में भाजपा युवा मोर्चा मुरादनगर के अध्यक्ष रोहित शर्मा ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण निगम, मुरादनगर को लिखित शिकायत देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। शिकायत पत्र के अनुसार गांधी कॉलोनी की जिला सहकारी बैंक वाली गली में बिजली के तार काफी नीचे लटके हुए हैं। यह मार्ग अत्यंत व्यस्त एवं खड़ंजा मार्ग है, जहां से दिनभर टेंपो, ई-रिक्शा तथा अन्य छोटे-बड़े वाहन लगातार गुजरते रहते हैं। ऐसे में नीचे लटके तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि कोई ऊंचा वाहन बिजली के तारों की चपेट में आ गया तो जनहानि के साथ-साथ गंभीर विद्युत दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों में भी इस समस्या को लेकर भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। रोहित शर्मा ने अपने प्रार्थना पत्र में विद्युत विभाग से मांग की है कि जनहित एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित स्थान का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए तथा नीचे लटके बिजली के तारों को निर्धारित एवं सुरक्षित ऊंचाई पर कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। शिकायत पत्र पर 30 जून 2026 की प्राप्ति मुहर भी अंकित है, जिससे स्पष्ट है कि विद्युत विभाग ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर लिया है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तारों को ऊंचा नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन और विद्युत विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
