संवाददाता यूसुफ खान
मुरादनगर। भीषण गर्मी और उमस के बीच मुरादनगर के धोबियान मोहल्ले के लोग पिछले 36 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। लगातार बिजली गुल रहने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है, इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के शिकायत केंद्र और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। लोगों का आरोप है कि उनकी शिकायतों पर अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्रवासियों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लगातार बिजली न होने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, पानी की मोटरें बंद हैं और भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है इस घटना ने विद्युत विभाग के आला अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि किसी तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी तो उसे 36 घंटे के भीतर भी ठीक न कर पाना विभाग की कार्यकुशलता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। लोगों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए और देरी के कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए अब देखना यह होगा कि विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस गंभीर समस्या का कब तक समाधान कराते हैं और गर्मी से बेहाल जनता को राहत कब मिलती है।
