डासना में तालाब पर कथित अवैध खनन का विरोध

संवाददाता यूसुफ खान

डासना नगर पंचायत क्षेत्र में खसरा संख्या 2076, 2077 एवं 2078 में दर्ज तालाब की भूमि पर कथित अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक धौलाना एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव असलम चौधरी तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गाजियाबाद सतीश शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने तालाब की भूमि पर चल रहे कार्यों पर गंभीर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि तालाब की भूमि पर नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे पर्यावरण और जनहित को नुकसान पहुंच सकता है। विरोध स्वरूप दोनों नेताओं ने मौके पर ही धरना देकर कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। असलम चौधरी ने कहा कि तालाब, चरागाह और अन्य सार्वजनिक भूमि जनता की अमूल्य धरोहर हैं। इन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, खनन या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। धरने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी तालाब की भूमि को सुरक्षित रखने की मांग की और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तालाब की भूमि को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने