खबर का हुआ असर: ‘टाइगर ब्रांड’ के स्टिकर वाले ऑटो पर लगी लगाम, अब फिटनेस खत्म वाहनों पर कब होगी कार्रवाई

संवाददाता यूसुफ खान

गाजियाबाद। अखबार में प्रकाशित खबर का असर अब ज़मीन पर दिखाई देने लगा है। मोदीनगर–गाजियाबाद मार्ग पर चर्चा में रहे कथित ‘टाइगर ब्रांड’ के स्टिकर लगे ऑटो पर ट्रैफिक पुलिस ने फिलहाल सख्ती शुरू कर दी है। कई ऑटो से स्टिकर हटवाए गए हैं और ऐसे वाहनों की निगरानी भी बढ़ाई गई है। हालांकि, कार्रवाई के बावजूद एक बड़ा सवाल अब भी बरकरार है स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले की सड़कों पर आज भी बड़ी संख्या में ऐसे ऑटो दौड़ रहे हैं जिनकी फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन वे बिना किसी रोक-टोक के यात्रियों को ढो रहे हैं। आरोप है कि ऐसे वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं लोगों का कहना है कि यदि स्टिकर लगे ऑटो पर कार्रवाई हो सकती है तो फिर फिटनेस समाप्त होने के बावजूद सड़कों पर फर्राटा भर रहे ऑटो पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। नागरिकों का मानना है कि कानून का पालन सभी वाहन चालकों पर समान रूप से लागू होना चाहिए क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि परिवहन विभाग विशेष अभियान चलाकर बिना फिटनेस वाले ऑटो की जांच करे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे। लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है अब निगाहें ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यही है कि ‘टाइगर ब्रांड’ के स्टिकर पर तो लगाम लग गई, लेकिन बिना फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रहे ऑटो पर कार्रवाई कब होगी?

 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने