मोदीनगर/गाजियाबाद
कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय मोदीनगर में एक बार फिर गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि हिंदुस्तान स्टीलवर्क्स कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी में कार्यरत कर्मचारी आयुष/जाकिर के द्वारा दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया सूत्रों के अनुसार चिकित्सालय परिसर से दरवाजे एवं बिजली के तार चोरी होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह घटना अस्पताल परिसर के अंदर ही हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की कठोर कार्रवाई नहीं किए जाने से कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है तथा आपसी लेन-देन कर प्रकरण को शांत कराने की कोशिश की जा रही है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जाएगी स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी संस्थानों में इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय रहते उचित कदम नहीं उठाए जाते लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कौन से उपाय किए जाते हैं।
