न्यायालय में विचाराधीन सरकारी भूमि पर निर्माण और अवैध खनन, किसानों ने दी तहसील घेराव की चेतावनी

मोदीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम खुर्रामपुर स्थित सरकारी भूमि खसरा नंबर 387 पर आज दिनांक 25 मई 2026 को कथित रूप से निर्माण कार्य और अवैध खनन धड़ल्ले से किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उक्त भूमि का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद भूमि पर निर्माण एवं मिट्टी खनन जारी रहने से ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन भानू संगठन में भारी आक्रोश है। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि जब मामला न्यायालय में पंजीकृत है, तब आखिर किसके आदेश पर पटवारी द्वारा कार्य शुरू कराया गया। उनका कहना है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बाद संबंधित भूमि पर किसी प्रकार का निर्माण या खनन कार्य नहीं किया जा सकता, लेकिन दबंग व्यक्तियों द्वारा खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। भारतीय किसान यूनियन भानू संगठन ने बताया कि मामले की सूचना उपजिलाधिकारी मोदीनगर को फोन के माध्यम से दे दी गई है और तत्काल कार्य रुकवाने की मांग की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर आरोपितों के खिलाफ भू-माफिया और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, तो तहसील मोदीनगर का घेराव किया जाएगा। किसानों ने साफ कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने